पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने आपणी योजना फेज प्रथम की व्यवस्थाओं और पुनर्गठन-संवर्धन कार्यों का किया निरीक्षण

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने जल जीवन मिशन आपणी योजना फेज प्रथम के तहत कर्मशाना से तारानगर, चूरू तक होने वाली पानी आपूर्ति की सम्पूर्ण व्यवस्था का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और पूरे सिस्टम की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान राठौड़ ने गंधेली से ललानिया वाया कर्मशाना तक 35 किमी तक पानी की छीजत को रोकने के लिए खुली नहर की बजाय पाइप लाइन द्वारा होने वाली सप्लाई के कार्य का शिलान्यास भी किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने 846.96 करोड़ की लागत से आपणी योजना फेज प्रथम में होने वाले विभिन्न नवीनीकरण कार्य तथा जीर्णोद्धार-मरम्मत कार्य जिनसे चूरू एवं हनुमानगढ़ जिले के करीब 550 गांव तथा तारानगर, साहवा, चूरू, सरदारशहर, रतननगर, सुजानगढ़ शहर लाभान्वित होंगे, योजना का निरीक्षण करते हुए कार्यों की जानकारी ली तथा प्रस्तावित कार्य अतिशीघ्र जनहित में पूर्ण कर पानी व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल जी आधुनिक राजस्थान के भगीरथ है, मुख्यमंत्री जी एक ने हरियाणा सरकार से यमुना जल समझौता कर घर-घर और प्रत्येक खेत तक पानी पहुचाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया है, जिससे सबसे ज्यादा फायदा हमारे शेखावाटी और चूरू जिले को होगा। इसके अलावा आपणी योजना के प्रथम फेज के तहत 846.96 करोड़ की लागत से होने वाले पुनर्गठन एवं संवर्धन के कार्य भी हमारे चूरू जिले ही भी हनुमानगढ़ के लिए भी पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा। निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने पूर्ण में निर्मित कर्मशाना फिल्टर प्लांट, साहवा फिल्टर प्लांट तथा कर्मशाना, ललानिया, साहवा, डाबडी, भलाऊ टिब्बा हेडवर्कर्स की मरम्मत तथा पुरानी जर्जर पाइप लाइन बदलने के कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। इस दौरान राठौड़ ने साहवा में जन स्वा. अभिविभाग के सहायक अभियंता कार्यालय को खोलने के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने की बात कही और कहा कि अतिशीघ्र साहवा में नवीन सहायक अभियंता कार्यालय की स्वीकृति भी सरकार के माध्यम से दिलाई जाएगी। भाजपा नेता राकेश जांगिड ने आपणी योजना फेज प्रथम के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत कर्मशाना में 800 एमएलडी क्षमता का रॉ वाटर रिजर्वायर तथा 2200 केएल का स्वच्छ जलाशय, साहवा में 600 एमएल डी तथा तारानगर में 640 एमएल डी रॉ वाटर रिजर्वायर, तारानगर में 14 एमएलडी फिल्टर प्लांट का निर्माण होना है। उक्त सब कार्यों का कार्य मई 2027 तक पूर्ण होना प्रस्तावित है उसके उपरांत हमारे तारानगर सहित चूरू जिले एवं हनुमानगढ़ जिले के कुछ भाग को पेयजल आपूर्ति में कोई समस्या नहीं होगी। इस दौरान चूरू विधायक हरलाल सहारण, पद्मभूषण देवेंद्र झाझडिय़ा, चन्द्राराम गुरी, भंवरलाल दादरवाल, अधिशासी अभियंता प्रकाश चौधरी, राजेश जांगिड, अजीतसिंह राठौड़, अनूप खंडेलवाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like