महात्मा महाप्रज्ञ हॉस्पिटल में कैंसर जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर का सफल आयोजन
विकाश स्वामी
टमकोर (नवयत्न) । झुंझुनूं जिले के टमकोर स्थित महात्मा महाप्रज्ञ हॉस्पिटल में राजस्थान ग्रामीण बैंक के सौजन्य में आचार्य तुलसी कैंसर रीजनल सेंटर, प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल, बीकानेर के तत्वावधान में कैंसर जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर का सफल आयोजन किया गया।
हॉस्पिटल निदेशक अजित जैन व राजस्थान ग्रामीण बैंक टमकोर शाखा प्रबंधक राजेश बियानिया ने बताया कि शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे किया गया। मुख्यातिथि राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कस्वां रहे। संचालन निर्देश ट्रस्टी चिकित्सा प्रभारी श्री जेठमल जी बोथरा, व्यवस्था प्रभारी श्री जतनमल नौलखा तथा टीम प्रभारी एवं कैंसर विशेषज्ञ डॉ. लोकेश कुड़ी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आदित्य एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू , डॉ शीशम चौधरी, दन्त रोग विशेषज्ञ डॉ भूपेंद्र शेखावत ने सेवाएं दी।
शिविर में कुल 124 लाभार्थियों की जांच की गई। महिलाओं की बच्चेदानी (सर्वाइकल कैंसर) जांच, गले की जांच, मैमोग्राफी एवं एक्स-रे सहित विभिन्न प्रकार की स्क्रीनिंग की गई। पुरुषों में गले की जांच एवं छाती के एक्स-रे सहित कुल 55 जांचें की गईं। जांच के दौरान 5 हाई-रिस्क मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच एवं उपचार हेतु बीकानेर स्थित उच्च केंद्र (ऑन्कोलॉजी विभाग) में बुलाया गया है।
यह शिविर शनिवार प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किया गया।
महात्मा महाप्रज्ञ हॉस्पिटल टमकोर के प्रभारी श्री अजीत जी चोराड़िया ने कैंसर वैन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को टीबी एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर जांच एवं उपचार का लाभ मिलता है।
उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे अधिकाधिक लोगों को प्रारंभिक अवस्था में रोगों की पहचान एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सके । इस मौके पर विकास रांका, रघुवीर धेतरवाल, संपत जांगिड़,तनसुख स्वामी,संतोष शर्मा, ग्रामीण बैंक के सहायक प्रबंधक प्रदीप कानलोत,प्रदीप कुमावत,राकेश कुमार,विकास नैन , ओमप्रकाश, मनोज शर्मा,नरेश ,अरविंद कुमार,सुनील कुमार,बाबूलाल आदि मौजूद रहे।