फर्जी साइबर क्राइम अधिकारी बनकर ठगी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । कालवाड़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध के नाम पर लोगों को धमकाकर रुपए मांगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी, साइबर क्राइम अधिकारी और जिला कलेक्टर की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को झूठे साइबर अपराध मामलों में फंसाने की धमकी देता था तथा उनसे रुपए की मांग करता था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सैनी के निर्देशन में कालवाड़ थानाधिकारी सुरेश सिंह पुनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार 4 जून को परिवादी राहुल योगी पुत्र सुरेश कुमार योगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मई से उसके पास प्रवीण नामक व्यक्ति के फोन आ रहे थे। आरोपी स्वयं को साइबर क्राइम ब्रांच जयपुर का अधिकारी बताता था और साइबर क्राइम विभाग की फर्जी आईडी दिखाकर विश्वास में लेता था। उसने परिवादी के परिचित राकेश कुमार से 2 जून को 400 रुपए ट्रांजेक्शन के जरिए पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर ले लिए।
इसके बाद आरोपी ने राहुल योगी को कथित “साइबर क्राइम सूची” दिखाकर कहा कि उसका नाम सूची में है। नाम हटाने के बदले करीब 18 हजार रुपए की मांग की गई। वहीं उसके परिचित राकेश कुमार से 60 हजार रुपए देने के लिए कहा गया। रकम नहीं देने पर साइबर फ्रॉड के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर कालवाड़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रवीण पुत्र सुमेर सिंह राजपूत (32) निवासी ग्राम भावठड़ी, तहसील सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं (हाल फ्लैट नंबर 231, गोविंद वाटिका, मुंडोता रोड, थाना कालवाड़, जयपुर) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुलिस अधिकारी, जिला कलेक्टर और साइबर क्राइम अधिकारियों की विभिन्न फर्जी आईडी बनाकर लोगों को झूठे साइबर अपराध मामलों में फंसाने की धमकी देता था तथा उनसे रुपए ऐंठने का प्रयास करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।

You might also like