अचानक बदला मौसम, तेज धूल भरी आंधी के बाद हुई हल्की बूंदाबांदी
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न) । शेखावाटी अंचल में मानसून दस्तक देने से पहले मौसम का बदलता स्वरूप आंधी तूफान के रूप में देखने को मिल रहा है । शनिवार शाम अचानक मौसम ने यहां पर करवट बदलने से जोरदार आंधी आने से एक बार तो लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। पहले तेज धूल भरी आंधी चली, जिससे कुछ देर के लिए जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छा गया और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी के बाद मौसम सुहावना हो गया और हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लंबे समय से गर्म हवाओं और तेज धूप से परेशान लोग मौसम में आए इस बदलाव से खुश नजर आए।
आंधी के दौरान बाजार क्षेत्र में दुकानदारों ने सामान को सुरक्षित करने के लिए एहतियात बरती, वहीं राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई।
मौसम में आए इस अचानक परिवर्तन से किसानों और आमजन में राहत का माहौल है। हालांकि तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचना मिली है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।