ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों और महिलाओं को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, सरदारशहर के तत्वावधान में अभिरुचि एवं कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 17 मई से 16 जून 2026 तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, अंबेडकर मोहल्ला, रामनगर बास में संचालित हो रहा है।
संघ के सचिव बाबूलाल स्वामी ने बताया कि शिविर में 68 प्रशिक्षणार्थी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, नृत्य, ड्राइंग सहित कई उपयोगी एवं रोजगारपरक विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे एवं महिलाएं इस शिविर का लाभ उठाकर नए कौशल सीख रहे हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो रही है।
शिविर का संचालन इंदुबाला वर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है, जबकि पुष्पा पूनिया, मदन सिंह राईका, चुकी राव, निर्मल सोनी, लक्षिता भार्गव और आरती राव सहित अन्य प्रशिक्षक विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
शिविर में बालक-बालिकाएं अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें केवल हुनर ही नहीं, बल्कि श्रम के प्रति सम्मान, स्वावलंबन और भविष्य में आजीविका अर्जित करने की प्रेरणा भी दी जा रही है।
आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों और महिलाओं में छिपी प्रतिभाओं को निखारना, उन्हें रोजगारपरक कौशल से जोड़ना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान आयोजित यह शिविर प्रतिभागियों के लिए सीखने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।