देर रात बस रोककर की तोड़फोड़, 22 हजार रुपए लेकर फरार

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे के परसनेऊ फाटा के पास शुक्रवार देर रात एक निजी यात्री बस को जबरन रुकवाकर उसमें तोड़फोड़ करने और कंडक्टर से नकदी छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बस कर्मचारियों और यात्रियों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीकानेर निवासी अमरसिंह पुत्र ओमसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उनकी बस नियमित रूप से जयपुर-बीकानेर मार्ग पर संचालित होती है। शुक्रवार रात करीब 2:50 बजे बस परसनेऊ फाटा के पास पहुंची ही थी कि बोलेरो कैंपर में सवार 5-6 लोगों ने बस के आगे अपना वाहन लगाकर उसे रुकवा लिया।
एएसआई रोशनलाल ने बताया कि आरोपी बस में घुस गए और स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए बस में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपियों ने कंडक्टर की जेब में रखे करीब 22 हजार रुपए निकाल लिए तथा मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई रोशनलाल ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद रात्रिकालीन बस संचालन से जुड़े कर्मचारियों और यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

You might also like