जेविभा में प्रतिमाह चिकित्सा शिविर का आयोजन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । आचार्य श्री महाश्रमण के योगक्षेम प्रवास वर्ष के दौरान जैन विश्व भारती में चिकित्सा सेवा के उद्देश्य से तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के तत्वावधान में प्रतिमाह के प्रथम रविवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित करीब 200 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। शिविर में जयपुर से आए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच की तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।
समाजसेवी कमल सिंह बेद ने बताया कि आचार्य श्री महाश्रमण की प्रेरणा से मानव सेवा के उद्देश्य से शिविर में किडनी रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, जनरल सर्जरी, स्त्री रोग, हृदय रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी सहित विभिन्न रोगों का उपचार एवं परामर्श किया गया है। रविवार को यहां निरामयम ब्लॉक में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया और निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।