खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दर्शन को उमड़ी अपार भीड़

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालु अनुशासनपूर्वक कतारबद्ध होकर दर्शन कर रहे हैं। देश के कोने-कोने से भक्त खाटूधाम पहुंच रहे हैं और देर रात्रि से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है।रविवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखने को मिली। इस अवसर पर बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
गर्मी को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। कमेटी ने ठंडे पानी की व्यवस्था, पंखे, कूलर लगाए गए हैं वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग पर कालीन भी बिछाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात है। पुलिस प्रशासन, आरएसी जवान, होमगार्ड्स तथा मंदिर कमेटी के सुरक्षा गार्ड्स मिलकर दर्शन व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग कर रहे हैं। रींगस से खाटूधाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु केसरिया निशान लेकर पदयात्रा करते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगाते नजर आ रहे हैं। पूरा खाटूधाम श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है।

You might also like