गायक इमरान खान ने पेरिस में बिखेरा गायन का जलवा

सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न) । शेखावाटी की शान व सीकर में जन्मे इमरान खान अपने गायन का जलवा एक बार फिर विदेशों की धरतों पर दिखाया है। इमरान ने गत दिनों 5, 6 व 7 जून को पेरिस के पास कलेफाउंटेन के लाशापेल व भारतीय दुतावास द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रागा साइंस म्यूजिक रिट्रीट फेस्टिवल में अपने गायन की प्रस्तुति दी। इमरान खान द्वारा गाए गए शास्त्रीय संगीत व सूफी संगीत को फ्रांस के श्रोताओं द्वारा काफी सराहा गया।
इमरान खान इन दिनों यूरोप के कई देशों के संगीतमय दौरे पर है जिसमे कई बड़े फेस्टिवल भी शामिल हैं। इनमे जर्मनी, नेदरलैंड, बेल्जियम, स्वीटजरलैंड, ऑस्ट्रिया, इटली जैसे अन्य कई बड़े देश में होने वाले म्यूजिकल फेस्टिवल्स में इमरान अपनी प्रस्तुति देंगे।
इमरान ने संगीत की शुरुआती तालीम अपने नाना उस्ताद मोइनुद्दीन खान सीकर वालों से ली व उसके बाद अपने दादा उस्ताद मजीद खान से संगीत सीखा और म्यूजिक डायरेक्टर लियाकत अजमेरी व पद्मश्री पंडित अरविंद पारीक से भी संगीत सीखा और अभी भी संगीत सिख रहे हैं। इमरान ने बताया कि संगीत वो सागर है जिसमें से सारे जीवन में एक कतरा भी यदि मिल जाए तो जीवन सुरीला और संगीतमय बन जाता है।
इमरान का कहना है कि वो चाहे जहाँ भी रहे पर वो अपने नाम के साथ हमेशा सीकर का नाम रखते है और अपने संगीत से सीकर का नाम दुनियां में रोशन करना चाहते है। इमरान ने अब तक 36 से अधिक देशों में अपनी संगीतमय प्रस्तुतियां देकर सीकर का नाम रोशन किया है व कई राजस्थानी गजल, भजन व हिंदी एल्बम में भी गायन व संगीत निर्देशन दे चुके है।

You might also like