समर कैंप का हुआ समापन, बच्चों ने प्रस्तुत की सांस्कृतिक गतिविधियां
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । गोठड़ा स्थित माधव विद्या मंदिर स्कूल में चल रहे समर कैंप का मंगलवार को समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी उपमहाप्रबंधक (सिविल) मनीष गवई थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय प्राचार्य अशोक कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सनातन धर्म समिति अध्यक्ष सवाई सिंह सिराधना ने की। मुख्य अतिथि मनीष गवई ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। सवाई सिंह सिराधना ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में आगे बढ़ने के लिए विद्यार्थियों को अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करनी चाहिए। संस्था निदेशक धर्मपाल कुमावत ने बताया कि समर कैंप का शुभारंभ 26 मई को किया गया था। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विमल शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में रामजीलाल, सुधीर कुमार, सरदार सिंह, राजेश नारवाल, बाबूलाल सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।