भीषण गर्मी में बंद पड़े पंखों से यात्री परेशान, रोडवेज विश्रामालय में सुविधाओं पर उठे सवाल
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ के मुख्य रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए पंखे लंबे समय से बंद एवं खराब पड़े होने के कारण यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की प्रतीक्षा में घंटों बैठने वाले यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को गर्म हवाओं के बीच राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं बस स्टैंड पर बसें निर्धारित काउंटर पर खड़ी होने के बजाय बस स्टैंड के बाहर, कॉम्प्लेक्स के सामने एवं सड़क पर खड़ी की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में दिक्कत होने के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से संबंधित शिकायतें कई बार रोडवेज प्रशासन एवं जिम्मेदार अधिकारियों को दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का सवाल है कि जब बसों के लिए निर्धारित काउंटर मौजूद हैं तो फिर बसें वहां क्यों नहीं लगाई जा रही हैं। क्षेत्रवासियों एवं यात्रियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर बस स्टैंड परिसर एवं विश्रामालय में लगे सभी पंखों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें नियमित रूप से चालू करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के इस मौसम में यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। इस संबंध में रोडवेज बुकिंग इंचार्ज रणवीर सिंह ने बताया कि विश्रामालय में कई बार शराब के नशे में लोग आकर सो जाते हैं, इसलिए पंखे नहीं चलाए जाते हैं। उनका यह भी कहना है कि विश्रामालय में पंखों की विशेष आवश्यकता नहीं है क्योंकि वहां ठंडी हवाएं आती रहती हैं।हालांकि यात्रियों का कहना है कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी में यह तर्क उचित नहीं है और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बंद पड़े पंखों को शीघ्र चालू कराया जाना चाहिए।