नमो क्रिकेट कप सीजन-8 का आगाज, 64 टीमें लेंगी हिस्साः राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता शुरू
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । बाबा छोटूनाथ खेल मैदान में गुरुवार रात नमो क्रिकेट कप सीजन-8 का शुभारंभ हुआ। ये एक रात्रिकालीन ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता है, जिसके उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे मैदान को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। अतिथियों ने प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।
पीथरासर ने जीता उद्घाटन मैच
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। सुभाष बिश्नोई के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कुदसू और पीथरासर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें पीथरासर ने 9 विकेट से जीत हासिल की।

मैच से पहले टॉस हुआ, जिसमें कुदसू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने उनका उत्साह बढ़ाया।
64 टीमों ने लिया हिस्सा
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और कस्बों की कुल 64 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबले काफी प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।
विजेता को मिलेंगे 1 लाख रुपए
टूर्नामेंट में विजेता टीम को 1 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। ऑरेंज कैप एवं पर्पल कैप विजेताओं को 5-5 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा आकर्षक ट्रॉफियां और अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। रात्रिकालीन रोशनी में खेले जा रहे ये मुकाबले दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी उत्तम लुणावत, भगवानराम भादू, राजकुमार करणानी, सीताराम देहडू, उदासर के पूर्व सरपंच चेतनराम सियाग, पर्यावरणप्रेमी सुभाष बिश्नोई, रिछपाल फौजी, श्रवण जाखड़, राजेन्द्र देहडू, महिराम जानी, रामनिवास देहडू और सुशील भाम्भू खारा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।