शिक्षा—पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ 15 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का होगा महा प्रदर्शन
डी. के.सैनी
जयपुर (नवयत्न)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों,भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर 15 जून (सोमवार) को जयपुर के शहीद स्मारक पर विशाल जनप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से छात्र, अभिभावक, बेरोजगार युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने का दावा किया गया है।
पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, प्रदर्शन प्रभारी दीपक बालियान, मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू तथा दलित एक्टिविस्ट रोशन मुड़िया ने प्रदर्शन की जानकारी दी।
आशुतोष रांका ने कहा कि युवाओं की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है, लेकिन अब युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर संगठित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पुणे में हुए आंदोलनों को मिले समर्थन ने युवाओं की एकजुटता को मजबूत किया है।
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि राजस्थान कभी देश को सर्वाधिक आईआईटीयन और चार्टर्ड अकाउंटेंट देने वाले राज्यों में शामिल रहा है, लेकिन वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, जर्जर भवनों, निजी विद्यालयों की मनमानी फीस और विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को चिंता का विषय बताया।
रोशन मुड़िया और गीगराज कोहली ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद, कमजोर आधारभूत ढांचे और रोजगारोन्मुखी शिक्षा की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करार दिया।
संगठन ने नीट परीक्षा विवाद और विभिन्न भर्ती घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार के मुद्दे केवल छात्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज से जुड़े हुए हैं। प्रदर्शन प्रभारी दीपक बालियान ने बताया कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस आंदोलन में शामिल होंगे।
संगठन ने छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की मांग को मजबूत करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह किसी दल या व्यक्ति की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।