हाईवे चौडाईकरण कार्य जुलाई में होगा पूर्ण
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (अबूबकर) । करंट बालाजी चौराहे सहित रेलवे ओवरब्रिज से डीडवाना ओवरब्रिज तक लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएचएआई ने सड़क सुधार की दिशा में कदम उठाते हुए दिसंबर में हाईवे चौड़ाई करण का कार्य शुरू किया था जो चार महीनों से बंद पड़ा था। यहां कार्य बीच में बंद होने से आमजन और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनकर रह गया। शिकायतों के बाद शुक्रवार को जयपुर से एनएचआई अधिकारियों की टीम लाडनूं पहुंची और बंद कार्य का निरीक्षण किया। डीजीएम काशीप्रसाद ने बताया कि जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक लाडनूं हाईवे चौड़ाईकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। यहां अधिकारियों की मौजूदगी में ठेकेदार द्वारा इस मार्ग पर सड़क चौड़ाई करण का कार्य शुरू कर दिया गया है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग को दोनों ओर से लगभग 14 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। चौड़ाई करण के साथ हादसो पर नियंत्रण करने के लिए सड़क के दोनों और मेटल बीम और लोहे की जाली लगाकर हाईवे कवर किया जाएगा। सड़क चौड़ाई करण के दौरान हाईवे सीमा में आ रहे हिस्सों को खाली किया जाएगा। यहां लगे पेड़ो को भी कार्य के दौरान अन्यत्र शिफ्ट करवाया जाएगा। हाईवे प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान के बाहर सड़क की सीमा में रखा हुआ सामान समेटने के निर्देश भी दिए हैं।