हादसे का इंतजार, क्षतिग्रस्त कलवट पुल बना खतरा बीच सड़क पर निकले सरीए
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी टाउनशिप के हाट बाजार के पास थर्ड सेक्टर स्थित आवासीय क्वार्टरों के सामने बने नाले पर निर्मित कलवट पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पुल के बीच हिस्से में दो स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं, जिनमें से लोहे के सरीए बाहर निकल आए हैं। मुकेश कुमार ने बताया कि सुभाष मार्केट से थर्ड ए सेक्टर की ओर जाने वाले लोगों के लिए यही मुख्य मार्ग है। आवासीय क्वार्टरों तक पहुंचने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी पुल का उपयोग करते हैं। लेकिन पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। बाहर निकले सरीए वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। स्थिति ऐसी है कि चार पहिया वाहन तो दूर, दुपहिया वाहन निकालने में भी लोगों को डर लग रहा है। इस संबंध में टाउनशीप नगर प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। लोगों ने जल्द पुल की मरम्मत करवाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।