एएनटीएफ का सुपर संडे: 92 लाख के मादक पदार्थ सहित छह तस्कर गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने रविवार को प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही दिन में छह बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन तथा एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर जिलों में की गई कार्रवाई में कुल 517 किलोग्राम डोडा चूरा, 139 हरे गांजे के पौधे, गांजा, स्मैक और अफीम बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 92 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर एक ट्रक, एक बोलेरो और एक स्कूटी सहित तीन वाहन भी जब्त किए हैं।
ट्रक के गुप्त चैम्बरों से निकला 517 किलो डोडा चूरा
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि सबसे बड़ी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र में हुई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ से बाड़मेर की ओर जा रहा एक ट्रक मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। कोठारी नदी पुलिया के पास नाकाबंदी कर ट्रक को रोका गया। जांच में ट्रक की चेचिस, बॉडी, केबिन और फर्श के नीचे विशेष रूप से बनाए गए लोहे के गुप्त चैम्बर मिले। गैस कटर से चैम्बर काटने पर उनमें से 517.07 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस मामले में प्रकाश पुत्र जोराराम (31), निवासी भूणियां, धनाऊ, बाड़मेर को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया गया।
करौली में गांजे की खेती पकड़ी
करौली जिले के हिण्डौन सिटी क्षेत्र में बयाना रोड स्थित एक बगीची में दबिश देकर पुलिस ने 139 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 26.215 किलोग्राम पाया गया। जांच में भूमि प्रतीक चतुर्वेदी पुत्र महेश चंद के नाम दर्ज मिली। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चाय कैफे और कपड़ों की दुकान की आड़ में बिक रहा था नशा
बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र में ‘मारवाड़ टी एंड कैफे’ पर छापेमारी कर पुलिस ने 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा, 75 ग्राम अफीम और 3600 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने कालूराम उर्फ खुमाराम (66) को गिरफ्तार किया।
वहीं धनाऊ कस्बे में ‘रमेश वस्त्र भंडार’ नामक दुकान पर दबिश देकर 448 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। इस मामले में थानसिंह उर्फ थानाराम (36) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
स्कूटी की डिग्गी में गांजा, दो गिरफ्तार
उदयपुर जिले के सवीना थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध स्कूटी की तलाशी लेकर 483.9 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में नवाजिश खान (25) और संजय (37) को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त की गई।
नागौर में स्मैक के साथ पुराना तस्कर दबोचा
नागौर जिले के गोगेलाव गांव में बिना नंबर की बोलेरो में स्मैक बेच रहे नाथूराम पुत्र लिछमण राम (37) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 ग्राम स्मैक बरामद की। आरोपी पूर्व में भी एएनटीएफ की कार्रवाई में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
सम्मानित होंगी कार्रवाई करने वाली टीमें
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि इन सफल अभियानों में एएनटीएफ के साथ मांडल, हिण्डौन सिटी, चौहटन, सवीना, धनाऊ और सदर नागौर थाना पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। सभी टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।