शहर से गुजरने वाले तीनों ओवरब्रिज पर अंधेरा कायम, 140 पोल पर लगी 280 में से 161 लाईटें खराब
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहरी क्षेत्र से गुजरने वाले तीन ओवरब्रिजों पर लगे पोल की लाईटें बड़ी संख्या में खराब होने से रात्रि के समय यहां अंधेरा कायम रहने से हादसों का खतरा बना हुआ है। पिछले दो महीनों से रोड़ लाईटें बंद होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत नहीं करवाई जा रही। जानकारी के अनुसार एनएचएआई द्वारा लाडनूं प्रवेश पर बनाए गए ओवरब्रिज पर 18 पोल पर 36 लाईटें लगाई गई जो पूरी खराब पड़ी है। यहां एक भी लाईट नहीं जलने से ओवरब्रिज और नीचे साईड से मारुति शोरूम की तरफ जाने वाली रोड़ पर अंधेरा रहता है। वहीं इसके आगे रेल्वे पटरियों पर बने हुए आरओबी पर 78 पोल लगाए गए हैं, जिन पर कुल 156 लाइटें स्थापित हैं। इनमें से करीब 90 लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इतना ही नहीं लाडनूं के डीडवाना चौराहा स्थित ओवरब्रिज पर 44 विद्युत पोल खड़े है मगर इन के ऊपर लगी हुई 88 लाईट में 35 लाइटें पूरी तरह से बंद पड़ी हैं।
रात्रि के समय हाईवे पर सता रहा अंधेरे का डर
शहर में तिरपाल मार्केट के पास बने ओवरब्रिज से लेकर डीडवाना चौराहे तक मुख्य हाईवे पर रात्रि के समय बड़ी संख्या में राहगीरों, वाहन चालकों और अन्य पैदल यात्रियों का शहर और बाईपास की तरफ आवागमन रहता है। यहां से गुजरने वाले तीनों ओवरब्रिजों पर 161 लाईटें पूरी तरह बंद रहने से रात के समय यहां पूरे हाईवे और साइड की रोड़ पर अंधेरा पसरा रहता है। इससे वाहन चालकों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कम रोशनी के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने खराब और बंद पड़ी लाइटों को जल्द ठीक कर ओवरब्रिजों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बहाल करवाई जाने की मांग की है।
इनका कहना है।
हाल ही में तूफान और बारिश आने के चलते कुछ लाईटें खराब हुई है। लाईट ठेकेदार को सूचना कर बंद पड़ी लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा।