राजस्व विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों को मिली राहत

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में प्रशासन द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ,तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय व पटवारी टीम द्वारा ग्राम पंचायत मंगलपुरा और आसोटा के गांव में 9 खाता विभाजनों, 43 शुद्धि पत्र और 44 म्यूटेशन का निस्तारण सोमवार को किया गया।
राज्य सरकार के मंशानुरूप राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण और काश्तकारों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा विशेष मुस्तैदी दिखाई जा रही है। इसी क्रम मे राजस्व टीम द्वारा ग्राम मंगलपुरा और ग्राम आसोटा में लंबे समय से लंबित चल रहे कई राजस्व मामलों का मौके पर ही और प्रशासनिक स्तर पर त्वरित निस्तारण किया गया है। जानकारी के अनुसार मंगलपुरा एवं आसोटा में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 09 खाता विभाजन (बंटवारा) के मामलों को अंतिम रूप दिया गया है। खाता विभाजन होने से अब लगभग 37 संबंधित काश्तकारों को अपने हिस्से की भूमि का स्पष्ट स्वामित्व मिल सकेगा, जिससे भविष्य में होने वाले आपसी विवादों पर लगाम लगेगी। इसके साथ ही, 43 शुद्धि पत्र और भूमि हस्तांतरण और रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण की प्रक्रिया को गति देते हुए दोनों गाँवों में कुल 44 नामांतरण खोले गए हैं। म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी होने से किसानों के राजस्व रिकॉर्ड (जमाबंदी) को अपडेट कर दिया गया है, जिससे राजस्व कार्यों में सुगमता होगी।

You might also like