ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण
जय जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत ग्राम पंचायत आबूसर में सोमवार को आयोजित शिविर में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई, विकास अधिकारी शीशराम मीणा, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला, तहसीलदार महेंद्र मूंड, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी कमलकांत शर्मा, ग्रामीण सेवा शिविर जिला संयोजक दलीप सैनी, विधानसभा संयोजक राकेश शर्मा, अनुपम जाखड़ कुलोद, ग्राम पंचायत आबूसर के प्रशासक रोहिताश कुमार, सहायक विकास अधिकारी अजय राव, विकास पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों को राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, कृषि, जलदाय, विद्युत तथा अन्य विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निस्तारण करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने शिविर में आए ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। शिविर में विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं स्वीकृतियां भी वितरित की गईं।
ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।