युवती से मिलने गया युवक बना हिंसा का शिकार, अब हत्या का मामला
निसं
बीकानेर (नवयत्न)। बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में युवती से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक कई दिनों से गंभीर हालत में जोधपुर एम्स में भर्ती था, जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार युवक जसरासर क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि परिजनों ने युवक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया।
एम्स में कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार को युवक की मौत हो गई। जसरासर थानाधिकारी आलोक सिंह ने युवक की मौत की पुष्टि की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया था। अब युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस घटनाक्रम से जुड़े मामले में युवती ने भी मृतक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।