नकली बीज घोटाला प्रकरण, किसान महासभा ने की कृषि मंत्री की इस्तीफे की मांग
बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । अखिल भारतीय किसान महासभा की जिला कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष कामरेड ओमप्रकाश झारोड़ा की अध्यक्षता में चिड़ावा स्थित कार्यालय पर हुई। बैठक में राज्य उपाध्यक्ष कामरेड रामस्वरूप मणकसास व भगवान सिंह कोडाण के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड फूलचंद ढेवा ने कहा कि आज एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार अमेरिकी साम्राज्यवाद के आगे घुटने टेक कर भारत अमेरिका ट्रेड डील के माध्यम से नाम मात्र या बिना आयात शुल्क के भारी सब्सिडी पर आधारित कृषि जिंसों के लिए भारतीय बाजार खोलकर भारतीय खेती की तबाही पर हस्ताक्षर कर रही है। दूसरी तरफ राज्य की भजनलाल सरकार के राज में कृषि मंत्री की शह पर विभाग के उच्च अधिकारी करोड़ों रूपए के नकली बीज को खपाने के नाम पर दो करोड़ पैंतालीस लाख रूपए की घूस की रकम के साथ पकड़े जा रहे हैं। कृषि मंत्री का नाम आने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। राष्ट्रीय सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरी ने कहा कि कार्पोरेट लूट से खेत, खेती, किसान को बचाने के लिए गांव – गांव में कमेटियों का गठन करना होगा। बैठक में तय किया कि आगामी 20 जून से 20 जुलाई तक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। पहले 4 जुलाई तक जन संपर्क व पर्चा वितरण तथा 5 जुलाई से 20 जुलाई तक पदयात्रा अभियान चलाया जाएगा। 5 जुलाई को पदयात्रा ग्राम चरणसिंह नगर से चालू होकर खेतड़ी प्रखंड, चिड़ावा प्रखंड के कुछ गांवों में, सिंघाना प्रखंड व बुहाना प्रखंड में बीस जुलाई को समाप्त होगी। दूसरे चरण में जिले के सूरजगढ़, पिलानी, चिड़ावा व झुंझुनूं प्रखंड में पदयात्रा अभियान चलाया जाएगा। जिले भर में दस हजार सदस्य बनाए जाएंगे। ग्राम कमेटियों का गठन किया जाएगा। अगस्त माह में प्रखंड सम्मेलनों के माध्यम से प्रखंड कमेटियों का चयन किया जाएगा। आगामी 10 सितंबर को जिला सम्मेलन किया जाएगा। बैठक में कृषि विरोधी भारत अमेरिका डील को रद्द करने, एमएसपी को कानूनी गारंटी देने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश सी प्लस 2 के अनुसार लागत का डेढ़ गुना करने, नकली बीज घोटाला की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग बैठाकर दोषियों को दंडित करने, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को तुरंत प्रभाव से मंत्री पद से इस्तीफा देने, जिला में यमुना नहर का पानी शीघ्र लाने, उपभोक्ताओं की जेब काटने वाली स्मार्ट मीटर की योजना को बंद करने, सड़क निर्माण व बिजली टावर खड़ा करने के लिए किसानों को वाजिब मुआवजा देने, मंदिर माफी की कृषि भूमि पर खातेदारी अधिकार देने आदि अभियान की मुख्य मांगें होगी। बैठक को जिला उपाध्यक्ष कामरेड इंद्राज सिंह चारावास, चिड़ावा प्रखंड सचिव कामरेड रामोतार शर्मा, सिंघाना प्रखंड अध्यक्ष कामरेड विद्याधर गर्सा, सूरजगढ़ प्रखंड अध्यक्ष कामरेड जयपाल सिंह बसेरा, कामरेड रोहताश काजला, कामरेड प्रेम सिंह नेहरा, कामरेड मनफूल सिंह, कामरेड शीशराम गोठवाल, कामरेड वीरभान, कामरेड रतिराम राव, पिलानी प्रखंड अध्यक्ष कामरेड महेंद्र सिंह कुलहरी ने संबोधित किया।