यातायात नियमों के दुश्मनों पर राजस्थान पुलिस का चौतरफा प्रहार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत 4 जून से 17 जून 2026 तक प्रदेशभर में 1 लाख 16 हजार 937 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म के मामलों में हुई, जिनमें 44,381 चालान बनाए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 30,148, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 16,036, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन के 11,383, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 8,668 तथा प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के 6,321 मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि प्रदेशभर में सघन जांच अभियान जारी रहा। एक ही दिन में 6,731 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2,399 काली फिल्म, 1,686 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 880 अनाधिकृत शब्द एवं लेखन, 777 अवैध मॉडिफिकेशन, 602 अनधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर तथा 387 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि इस कार्रवाई के मामले में जयपुर पश्चिम जिला प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां 522 चालान किए गए। इसके बाद उदयपुर (426), जयपुर ग्रामीण (400), जयपुर यातायात (319), धौलपुर (272), दौसा (265) और चित्तौड़गढ़ (262) का स्थान रहा। वहीं बारां (223), भरतपुर (200) और झुंझुनूं (196) भी प्रमुख जिलों में शामिल रहे।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चालक काली फिल्म, अवैध हूटर, फ्लैशर, प्रेशर हॉर्न, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और अन्य अनधिकृत संशोधनों का उपयोग नहीं करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।