योग दिवस पर रेलमंत्री का संयोग, संघर्ष समिति को सहयोग की उम्मीद

संजय सोनी 

झुंझुनू (नवयत्न)। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून, रविवार को बीकानेर से स्पेशल ट्रेन द्वारा चूरू-सीकर होते हुए जयपुर जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हो रहे इस दौरे को शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति एक सकारात्मक संयोग मानते हुए उनसे क्षेत्र की रेल समस्याओं के समाधान की उम्मीद जता रही है।

रेलमंत्री के सीकर पहुंचने पर संघर्ष समिति द्वारा सीकर रेलवे जंक्शन पर उनका भव्य स्वागत-सत्कार किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में रेलमंत्री को साफा व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्हें चिड़ावा के विश्व प्रसिद्ध पेड़े खिलाकर सम्मानित किया जाएगा तथा “बर्थडे इनविटेशन लेटर” भेंट किया जाएगा। समिति आगामी 18 जुलाई 2026 को झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले रेलमंत्री के जन्मदिन समारोह में उन्हें आमंत्रित करेगी।

इसके साथ ही संघर्ष समिति द्वारा “झुंझुनूं मांगे रेलवे जंक्शन” अभियान के तहत रेलमंत्री को मांग पत्र भी सौंपा जाएगा, जिसमें झुंझुनूं को रेलवे जंक्शन घोषित करने तथा क्षेत्र में नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल होगी।

समिति पदाधिकारियों का कहना है कि शेखावाटी क्षेत्र लंबे समय से रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहा है और यह दौरा अपनी बात को प्रभावी तरीके से रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।

You might also like