15 हजार का इनामी नकली नोट ठग गिरफ्तार, 14 नकली नोटों की गड्डियां और 7 फर्जी नंबर प्लेट बरामद

 

निसं

जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और मुरलीपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के जरिए लोगों से ठगी करने वाले 15 हजार रुपए के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 500-500 रुपए के नकली नोटों की 14 गड्डियां, एक स्विफ्ट कार और सात फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी को सीकर रोड स्थित ढहर के बालाजी क्षेत्र में एक संदिग्ध कार के घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस ने निगरानी की तो बिना नंबर की स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक कार को कॉलोनियों की ओर भगाने लगा। लेकिन टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर उसे दबोच लिया।

नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयूष चौधरी (21) निवासी गुढ़ा गोड़जी जिला झुंझुनू हाल दौलतपुरा रोड हरमाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को तलाशी के दौरान कार से 500-500 रुपए के नकली नोटों की 14 गड्डियां बरामद हुईं।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित नकली नोटों की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को पूरी गड्डी असली होने का झांसा देता था। इसके बाद अधिक रकम देने का लालच देकर असली नोट ले लेता और बदले में नकली नोटों की गड्डियां थमाकर फरार हो जाता था।

पुलिस को आरोपित की कार से सात अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेटें भी मिली हैं। जांच में सामने आया कि वह पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए वारदात के दौरान नंबर प्लेट बदलता रहता था। इसके अलावा आरोपित पहले से ही पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी के एक मामले में वांछित था। पत्रकार कॉलोनी थाने में दर्ज मामले में फरार चल रहे आरोपित पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अब आरोपी से नकली नोटों के स्रोत, उसके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

You might also like