नेखमबंदी के बदले रिश्वत लेते भू-अभिलेख निरीक्षक गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बालोतरा जिले में कार्रवाई करते हुए भू-अभिलेख निरीक्षक (आरआई) को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी चौकी बाड़मेर की टीम ने तहसील गुड़ामालानी के सर्किल नगर में पदस्थापित भू-अभिलेख निरीक्षक नारायण लाल को 20 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी के पिता चैनाराम की कृषि भूमि की नेखमबंदी करने के एवज में आरोपित भू-अभिलेख निरीक्षक (आरआई) नारायण लाल द्वारा 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपित भू-अभिलेख निरीक्षक ने 4 हजार रुपए पहले ही प्राप्त कर लिए थे तथा शेष राशि के लिए परिवादी पर दबाव बना रहा था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक के अनुसार परिवादी की कृषि भूमि की नेखमबंदी को लेकर उपखंड मजिस्ट्रेट, गुड़ामालानी न्यायालय में वाद संख्या 21/2023 लंबित था। न्यायालय के आदेश की पालना में तहसीलदार गुड़ामालानी द्वारा नेखमबंदी के लिए आरोपित भू-अभिलेख निरीक्षक नारायण लाल को नियुक्त किया गया था। आरोप है कि मौके पर नेखमबंदी करने की एवज में आरोपित ने 26 हजार रुपए रिश्वत की मांग की और राशि प्राप्त कर ली। बाद में सह-परिवादी के आग्रह पर 5 हजार 500 रुपए वापस लौटा दिए और शेष 20 हजार 500 रुपए अपने पास रख लिए।
जिस पर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एसीबी बाड़मेर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को परिवादी एवं सह-परिवादी से 20 हजार 500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके ठिकानों और अन्य संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।