किसान सभा के 29वें सम्मेलन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव चलेगा अभियान

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की बैठक किसान भवन में जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड मदन जाखड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 21 से 23 अगस्त तक तारानगर में आयोजित होने वाले किसान सभा के 29वें सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के प्रथम दिन आयोजित होने वाली किसान अधिकार रैली में क्षेत्र से अधिकतम किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया जाएगा। बैठक में प्राकृतिक आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए बिजली पोलों एवं अब तक विद्युत आपूर्ति से वंचित ढाणियों में शीघ्र विद्युत बहाली की मांग उठाई गई। प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाले चार हजार रुपये के अनुदान की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन किसानों के पास ड्रम, बाल्टी, स्प्रे पंप एवं अन्य सामग्री पहले से उपलब्ध है, उन्हें पुनः खरीदने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही बकाया फसल बीमा क्लेम का भुगतान शीघ्र नहीं होने पर जिला स्तर पर आंदोलन करने का निर्णय भी लिया गया। कॉमरेड उमराव सिंह ने किसानों को राज्य सम्मेलन की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में तारानगर किसान अधिकार रैली में भाग लेने का आह्वान किया। तहसील सचिव कॉमरेड बिरजू खीचड़ ने कहा कि किसान सभा का यह सम्मेलन आगामी तीन वर्षों के किसान संघर्षों की दिशा तय करेगा। उन्होंने किसानों से गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर सम्मेलन और किसान अधिकार रैली को ऐतिहासिक बनाने व संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। बैठक में ओमप्रकाश तालनियां, नौरंग सारण, देवाराम ढाका, विनोद सिंह राठौड़, भागीरथ खैरिया, प्रदीप नाथ, प्रेमनाथ, किशनाराम ढाका, परमेश्वर लाल स्वामी, नंदराम ढाका, जीत सिंह, विजय बहादुर सिंह, चेतराम बांगड़ावा, ताराचंद बेनीवाल, राजकुमार बेनीवाल, मनीष जाखड़, ओमप्रकाश खीचड़, लेखूराम बलारा, बजरंग ढाका, लालचंद मूंड, सीताराम झाझड़िया, रामलाल, रतन सिंह राठौड़ सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।

You might also like