सड़क की अत्यधिक चढ़ाई बनी हादसों की वजह, अनियंत्रित ट्रक शोरूम में घुसा
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । चूरू की आपणी योजना कलेक्टर कार्यालय के समीप स्थित सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक 12 चक्का ट्रक सड़क की अत्यधिक चढ़ाई पर चढ़ते समय असंतुलित हो गया और पीछे की ओर लुढ़कते हुए पास स्थित एक शोरूम की पार्किंग में जा घुसा। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी सतर्क होकर सुरक्षित स्थान पर हट गए। ट्रक शोरूम परिसर में घुसने के बाद एक बड़े पोल से टकराकर रुक गया। यदि पोल बीच में नहीं आता या ट्रक पूरी तरह से लोडेड होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में शोरूम की पार्किंग में बने टीनशेड को नुकसान पहुंचा। शोरूम संचालक अर्जुन प्रजापत ने बताया कि फिलहाल केवल पार्किंग शेड को क्षति पहुंची है, लेकिन यदि ट्रक अधिक भार से लदा होता या वहां लोग मौजूद रहते, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर सड़क की अत्यधिक ऊंचाई और असंतुलित रोड लेवल के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि सड़क का स्तर वैज्ञानिक तरीके से नहीं बनाए जाने के कारण भारी वाहन चढ़ाई पर संतुलन खो देते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस स्थान का तकनीकी निरीक्षण कर सड़क की ऊंचाई एवं ढाल का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि जब तक सड़क की कटाई कर इसे समतल नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसे हादसों की आशंका बनी रहेगी।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि जहां चूरू का कलेक्टर कार्यालय स्थित है, उसी क्षेत्र में इस प्रकार की सड़क व्यवस्था चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।