ब्लॉक निष्पादन समिति की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यालयों के समग्र विकास पर मंथन
सुभष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट प्रियंका कड़ेला की अध्यक्षता तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा की सह-अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार, तारानगर में जुलाई माह की ब्लॉक निष्पादन समिति की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ब्लॉक के समस्त संस्था प्रधानों, शिक्षा अधिकारियों एवं विभागीय कार्मिकों ने भाग लेकर शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की तथा शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यालयों के समग्र विकास को नई गति देने पर मंथन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम प्रियंका कड़ेला ने विद्यालयों के भूमि पट्टे शीघ्र जारी करवाने, विद्यालय परिसरों से अतिक्रमण हटाने, भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संस्था प्रधानों को विद्यालयों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग, शैक्षणिक गतिविधियों के सतत अनुश्रवण, सीखने के स्तर में सुधार तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्था प्रधान अपने विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का निर्माण सुनिश्चित करें।
एसीबीईओ प्रथम संजय शर्मा ने प्रवेशोत्सव, नामांकन वृद्धि, विद्यालय से बाहर (NSO) बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं पालनहार योजना की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने तथा नामांकन में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
एसीबीईओ द्वितीय भागचंद सोलंकी ने विद्यालय भवनों की सुरक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं वर्कबुक के समय पर वितरण, विद्यालय विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
आरपी रामनिवास धेतरवाल ने आधार-जनाधार प्रमाणीकरण, ब्लॉक रैंकिंग में सुधार, मिशन स्टार्ट, यू-डाइस, कोड योगी, वृक्षारोपण अभियान सहित विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी संस्था प्रधानों से निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रवेशोत्सव, नामांकन वृद्धि, यू-डाइस, मिशन स्टार्ट, विद्यालय सुरक्षा, स्वच्छता, मुख्यमंत्री जनसहभागिता, 3R अभियान, पिंक एवं ब्लू शौचालय, पौधारोपण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के समापन पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, तारानगर की ओर से उपखण्ड अधिकारी प्रियंका कड़ेला का पौधा एवं पुस्तक भेंट कर सम्मान किया गया।