नेपाल में जीता साउथ एशिया रॉक बॉल का गोल्ड, दो बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । नेपाल में आयोजित साउथ एशिया रॉक बॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान नेपाल को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में लाडनूं क्षेत्र की दो होनहार खिलाड़ियों बिठूड़ा निवासी योगिता कंवर तथा जसवंतगढ़ निवासी बबीता गोयल का उल्लेखनीय योगदान रहा।
दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से लाडनूं क्षेत्र के साथ-साथ पूरे राजस्थान का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
नेपाल से स्वर्ण पदक जीतकर लाडनूं पहुंचने पर दोनों खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर लाडनूं विधायक प्रतिनिधि सुरजाराम भाकर, प्रशासक राजेंद्र मंत्री भिड़ासरी, निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष मुकेश खींची, छगनाराम गर्वा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। भाकर ने कहा कि क्षेत्र की इन बेटियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य किया है।