नशे की हालत में कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या

निसं
नवलगढ़ (नवयत्न)। कस्बे में कृषि मंडी के पास बुधवार देर रात्रि को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी ही मां प्रभाती देवी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं गुरुवार को नवलगढ़ के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया।

पुलिस घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान राजवीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वह नशे की हालत में था। हत्या करने के बाद उसने स्वयं अपनी बहन और बहनोई को घटना की सूचना दी। जानकारी के अनुसार राजवीर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पिता के स्थान पर उसे पीडब्ल्यूडी विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली हुई थी।

बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रह रहे थे, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात आरोपी राजवीर को हिरासत में ले लिया। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

You might also like