प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
निसं
सरदारशहर (नवयत्न)। केकेसी पीजी महाविद्यालय, सरदारशहर में कला विभाग एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन महाविद्यालय सभागार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में सेमेस्टर परीक्षा दिसंबर-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में एमए भूगोल प्रथम सेमेस्टर की छात्रा पार्वती जाट 80.66 प्रतिशत, एमए भूगोल तृतीय सेमेस्टर के छात्र शिवनारायण 83.66, एमएससी कंप्यूटर साइंस प्रथम सेमेस्टर की छात्रा स्वाति मित्तल 83.50, एमएससी कंप्यूटर साइंस तृतीय सेमेस्टर के छात्र मोहित जोशी 77 प्रतिशत, बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र उदय सिंह 80.80 प्रतिशत, बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा हर्षिता सिखवाल 82.40 प्रतिशत तथा बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा अदिति इंदौरिया 85.20 प्रतिशत ने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त सभी संकायों में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक डॉ किशोर सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं बल्कि भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी है। निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच से ही विद्यार्थी अपने जीवन में उच्चतम लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कंप्यूटर विज्ञान विभाग के आचार्य देवीलाल ने विश्वविद्यालय द्वारा लागू की गई सेमेस्टर प्रणाली एवं परीक्षा पद्धति में किए गए नवाचारों की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सतत मूल्यांकन एवं समयबद्ध तैयारी के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान कंप्यूटर विज्ञान विभाग के बैच 2020-21 के पूर्व छात्र देवीलाल बेनीवाल ग्राम गिड़गिचिया का ग्राम विकास अधिकारी पद पर चयन होने पर माल्यार्पण, प्रतीक चिह्न एवं अभिनंदन-पत्र भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रदीप चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान होती है। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्टता की भावना का विकास करते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में भी शिक्षा, प्रशासन एवं विभिन्न क्षेत्रों में महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर उपप्राचार्य महबूब अली चौहान ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर सहायक आचार्य पुनीत वर्मा, सुरेंद्र कुमार, रजत गौड़, श्याम सुंदर, भरत शर्मा, अनु कुमार सैनी, गंगा पारीक, गोपाल भाकर सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जगदीश कुमार ने किया।