आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । चिड़ावा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों के समर्थन में राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी चिड़ावा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई है। साथ ही मांगें पूरी न होने तक चिड़ावा सहित पूरे जिले भर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूर्ण कार्य बहिष्कार का आह्वान किया गया है। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में बताया कि ‘उड़ान योजना’ जैसे अतिरिक्त कार्यों के भारी बोझ ने उनकी कार्यक्षमता को प्रभावित किया है। उनकी प्रमुख मांगों में मानदेय का समय पर भुगतान, सामुदायिक कार्यक्रम (सीबीई) की राशि 250 रुपये से बढ़ाना, पोषण ट्रैकर व अन्य सरकारी योजनाओं के लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान और मोबाइल रिचार्ज भत्ता 200 से बढ़ाकर 500 रुपये करना शामिल है।
इस आंदोलन को चिड़ावा और आसपास क्षेत्र की अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना समर्थन दिया है, जिनमें प्रमुख रूप से मंजू सुल्ताना, मंजू मालपुरा, सुनीता (खेदरपुरा खुर्द), आबिदा, सबीना, सरोज, अनूप कौर, बबीता, ममता, मलेरी, अनीता, सुनीता, कमलेश, रंजना, शकुंतला, राजेश्वरी, कमला, कविता, सोनू, चमेली, सुमन, सुशीला, कृष्ण देवी, गीता, ममता शर्मा, नीलम, मुनेश, कृष्णा, सुभिता, दुर्गा, सारा, भतेरी, सावित्री, सुमित्रा, राजलक्ष्मी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और ओबीसी पॉलिसी में उचित बदलाव नहीं किया जाता, तब तक वे अपने आंदोलन पर अडिग रहेंगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे अपने मूल विभाग के अतिरिक्त अन्य किसी भी विभाग का कार्य करने के लिए बाध्य नहीं हैं। इस प्रदर्शन के जरिए चिड़ावा की कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों के प्रति सरकार को कड़ा संदेश दिया है।