भाजपा मंडल ने अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विकास कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे में विभिन्न विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी राजलदेसर मंडल अध्यक्ष विष्णु भगवान प्रजापत के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओ ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में कई विकास कार्यों के टेंडर जारी होने के बावजूद आज तक कार्य शुरू नहीं हुए हैं, वहीं कुछ स्थानों पर टेंडर की शर्तों के विपरीत निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड संख्या 7 में 1.5 फीट एनपी-4 नाले के निर्माण का टेंडर सांवरमल सुथार के घर से कुचैपला भेरुजी मन्दिर से होते हुए भार्गव बस्ती तक स्वीकृत होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं किया गया है। इसके अलावा टेंडर के अनुसार पाइप नाला बनाने के बजाय पत्थर की नाली का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी प्रकार रेलवे अंडरब्रिज से सैनी चौक तक करीब 16 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नाला एवं चैम्बर निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। ज्ञापन में कहा गया है कि अब तक केवल एक चैम्बर का निर्माण हुआ है, जबकि कई स्थानों पर नालों का लेवल सही नहीं होने से जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। इसे प्राथमिकता से ठीक कराने की मांग की गई है।भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जामिया मदरसा में स्वीकृत रूम एवं टॉयलेट निर्माण कार्य तथा डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन में दो कमरों के निर्माण कार्य को भी शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में अधिशासी अधिकारी से सभी स्वीकृत विकास कार्यों को त्वरित प्रभाव से शुरू कराने, टेंडर की शर्तों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्माण सुनिश्चित करने तथा जहां भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं, उनकी जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विष्णु भगवान प्रजापत ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता पवन बोथरा नेता प्रतिपक्ष दीनदयाल स्वामी भाजपा पड़िहारा मंडल प्रभारी मदन दाधीच , पवन मारू, मंडल महामंत्री शीतल प्रकाश खडोलिया , पार्षद राकेश प्रजापत , जयचंद महावर , पवन प्रजापत , किसनाराम , दिनेश नाई , राम लिलड़िया, विनोद कुमार , पवन सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।