रीको क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर उद्यमियों का फूटा गुस्सा, एईएन कार्यालय पर किया प्रदर्शन

विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । रीको औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की लचर व्यवस्था और बार-बार होने वाले फाल्ट से परेशान उद्योग संचालकों ने मंगलवार को लामबद्ध होकर विरोध प्रदर्शन किया। उद्योगपतियों ने पहले रीको स्थित पावर हाउस और उसके बाद खेतड़ी रोड स्थित एईएन और एक्सईएन कार्यालय पर पहुंचकर बिजली निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। उद्यमियों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन 4 से 8 बार तक बिजली गुल हो रही है। शाम 6 बजे बिजली जाने के बाद अक्सर रात 10-11 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं होती, जिससे उत्पादन का काम पूरी तरह ठप्प हो जाता है। उद्योग संचालकों ने बताया कि क्षेत्र में नई जीएसएस स्थापित होने के बाद उन्हें निर्बाध बिजली का भरोसा दिलाया गया था लेकिन वास्तविकता इसके बिल्कुल उलट है। पुरानी जर्जर लाइनों और पोल के कारण आए दिन फाल्ट होते रहते हैं, जिससे मशीनों के खराब होने का खतरा बना रहता है और श्रमिकों का समय भी बर्बाद होता है।
प्रदर्शन में विजय, मोहित, मोहनलाल, पितराम, जीतू गोयल, भीमसिंह, ऋषि झाझाड़िया, अनिल, रतिराम, हरिप्रसाद चौहान, हरिप्रसाद जांगिड़, कपिल, संतलाल, शंकरलाल, राजेश चौहान और मोनू सहित अन्य उद्योग संचालक शामिल हुए। इससे पहले उद्योगपतियों ने 14 जुलाई को अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थाई समाधान, जर्जर तारों व पोलों को बदलने और बिजली आपूर्ति को निर्बाध करने की मांग की थी।
वहीं प्रदर्शन के बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने और समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
एईएन मायालाल ने बताया कि आपूर्ति में जो भी समस्या आ रही है, उसका समाधान किया जाएगा। जर्जर पोल बदले जाएंगे और आगे से बेहतर आपूर्ति की जाएगी।

You might also like