अधूरे विकास कार्यों पर कांग्रेस का पालिका में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े एवं स्वीकृति के बावजूद शुरू नहीं हुए विभिन्न विकास कार्यों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मैसर्स जय तेजा कंस्ट्रक्शन कम्पनी को पूर्व में जारी निविदाओं के तहत वार्ड संख्या 19 से 21, 25 से 27 तथा 31 से 33 तक लगभग 25-25 लाख रुपये के तीन विकास कार्य स्वीकृत किए गए थे। उनका कहना है कि इन कार्यों के विरुद्ध करीब 57 लाख रुपये का रनिंग भुगतान किया जा चुका है, जबकि मौके पर कार्य की वास्तविक स्थिति, मात्रा एवं गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने संबंधित वार्डों में हुए कार्य का तकनीकी सत्यापन कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि भुगतान के अनुपात में वास्तव में कितना कार्य पूरा हुआ है।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भावनदेसर रोड पर लगभग 19.75 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत नाला निर्माण कार्य का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन के अनुसार ठेकेदार को लगभग 10 लाख रुपये का भुगतान मिलने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे बारिश के दौरान जल निकासी बाधित हो रही है और नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैलने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मेघवाल सामुदायिक भवन स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर दो कमरों के निर्माण कार्य का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्य आयरा कंस्ट्रक्शन कम्पनी के पक्ष में काफी पहले स्वीकृत होने के बावजूद आज तक शुरू नहीं किया गया है। इसी प्रकार इस्लामिया अरबिया नुरूल इस्लाम मदरसा में दो कमरों के निर्माण का कार्य, जो अनु कंस्ट्रक्शन कम्पनी को स्वीकृत है, वह भी अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है। इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद जब्बार खोखर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि भागीरथ रेगर, इदरीश खत्री, मोहम्मद शरीफ छींपा, दौलतराम कड़वासरा, भादर भामू, सरवन मेघवाल, विनोद सैनी, राजू सैनी, गिरधारी मेघवाल, ओमप्रकाश मेघवाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like