मंगल कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ शुभारंभ

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर में माँ काली मंदिर के 15 वें प्राण प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव के पावन अवसर पर बुधवार को मंगल कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं की आस्था और जयघोष के बीच निकली कलश यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई दुर्गा मंदिर, प्रजापति भवन, आथूणा बास स्थित कथा स्थल पहुँची, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कथा का शुभारंभ किया गया।
कथा का वाचन दण्डी स्वामी शिवेन्द्राश्रम महाराज के श्रीमुख से किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा, सत्य, सेवा और मानव जीवन में राम नाम की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारित करने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों की स्थापना का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। श्रीराम कथा का आयोजन 23 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। कथा के मुख्य यजमान कालूराम कुचेरिया रहे। इस अवसर पर चन्दनमल कुचेरिया, हरिराम कुचेरिया, विजय कुचेरिया, मदनलाल कुचेरिया, नौरतनमल कुचेरिया, मिर्जाराम कुचेरिया, भगवाना कुचेरिया, घासीराम कुचेरिया, गौरीशंकर कुचेरिया, लूणाराम कुचेरिया, मंगलचंद कुचेरिया, कुंदनमल कुचेरिया, नारायण कुचेरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

You might also like