दावते इस्लामी इंडिया ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । दावते इस्लामी इंडिया के विभाग ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन के तत्वावधान में देशव्यापी शजरकारी (पौधारोपण) मुहिम के तहत बुधवार को लाडनूं में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत फाउंडेशन के सदस्यों ने लाडनूं पुलिस थाना एवं मजिस्ट्रेट कार्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर शहर काजी सैयद मोहम्मद मदनी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का रोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। सीआई शिंभू दयाल मीणा ने आमजन से पौधारोपण अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पेड़ लगाकर नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। पौधारोपण के दौरान उपस्थित स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।