युवक ने किया सुसाइड, पुलिस जांच में जुटी

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । बबाई थाना क्षेत्र के माधोगढ़ में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सूचना मिलने पर बबाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विकास कुमार (21) पुत्र जगदीश बावरिया निवासी माधोगढ़ के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई सुनील कुमार ने बबाई थाने में दी गई लिखित रिपोर्ट में बताया कि अलसुबह करीब तीन बजे उसने अपने भाई विकास कुमार को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते हुए श्मशान घाट की ओर पहुंचे तो विकास कुमार एक पेड़ से लटका हुआ मिला। नीचे उतारकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू की। मृतक के भाई ने पुलिस को रिपोर्ट देकर मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एएसआई राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

You might also like