खेतड़ी में स्टेट हाईवे-13 पर डस्ट से भरा डंपर अनियंत्रित डंपर मकान में घुसा
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी कस्बे में जयसिंह स्कूल के पास स्टेट हाईवे नंबर-13 पर अलसुबह को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डस्ट से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर राजकीय जयसिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुल के पास स्थित एक मकान की चारदीवारी से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं पास में लगा नीम का पेड़ भी धराशायी हो गया। इसके अलावा चारदीवारी के समीप बनी पानी की टंकी भी टूट गई।
हादसे के बाद डंपर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही खेतड़ी थाना पुलिस, एंबुलेंस कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा चालक को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए तथा सिंघाना से क्रेन मंगाई गई। करीब एक घंटे में दो क्रेन की सहायता से डंपर के केबिन को काटकर ड्राइवर हरपालू कुबड़ा थाना हमीरवास निवासी अनिल पुत्र जयभगवान जाट को बाहर निकाला गया। हादसे बाद घायल ड्राइवर को तत्काल राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल, खेतड़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। ड्राइवर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।
हादसे के दौरान कुछ समय के लिए स्टेट हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा डंपर के अनियंत्रित होने के कारण हुआ, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। डस्ट से भरा डंपर खेतड़ी के खनन क्षेत्र से चुरू की ओर जा रहा था। थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। डंपर को हटाकर रास्ता सुचारू रूप से चालू करवाया जाएगा।