पहली ही बारिश में डूबा शहर: सड़कों पर तालाब, सरकारी कार्यालयों के बाहर जलभराव से थमा जनजीवन

 

निसं

मंडावा (नवयत्न)। मंडावा में मानसून की पहली ही बारिश ने नगर पालिका और प्रशासन की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। शहर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

मुकुंदगढ़ रोड स्थित सियाराम जी की बगीची के सामने मुख्य सड़क पर बारिश का पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई। हालात ऐसे बने कि वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और आसपास के घरों व देवस्थानों के सामने भी पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों को घरों से निकलने और रोजमर्रा के कार्यों के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

वहीं ढीगाल तिराहा चुंगी चौकी के पास भी जलभराव की गंभीर स्थिति बनी रही। दूसरी ओर बिसाऊ चौराहे से बिसाऊ रोड तक जल निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भर जाने से इन गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालय भी इस समस्या से अछूते नहीं रहे। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, तहसील, सरकारी अस्पताल और पंचायत समिति के सामने सड़क पर पानी भर जाने से आमजन को आवागमन में कठिनाई हुई। एसडीएम कार्यालय के ठीक सामने टूटी सड़क और पानी से भरे गहरे गड्ढे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल निकासी और सड़कों की मरम्मत को लेकर कई बार नगर पालिका और प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसका परिणाम यह रहा कि मानसून की पहली ही बारिश में शहर की बदहाल सड़कें और अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह उजागर हो गई।

शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाए, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए तथा स्थायी समाधान के लिए प्रभावी योजना बनाई जाए, ताकि आगामी बारिश के दौरान आमजन को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

You might also like