तहसीलदार हरदीप सिंह के स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई, 11 माह के कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे के तहसीलदार हरदीप सिंह के स्थानांतरण हनुमानगढ़ होने पर बुधवार को तहसील कार्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, तथा गणमान्य नागरिकों ने उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन तहसीलदार प्यारेलाल मीणा के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान तहसील कार्यालय के कार्मिकों ने हरदीप सिंह का साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका लगभग 11 माह का कार्यकाल प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता, जनसुनवाई और आमजन के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर मोहन सिंह ने कहा कि हरदीप सिंह ने अपने कार्यकाल में राजस्व संबंधी कार्यों के त्वरित निस्तारण, आमजन की समस्याओं के समाधान तथा कार्यालयीन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल राजलदेसर तहसील के लिए ऐतिहासिक रहा। निजी शिक्षण संस्थान के जिला अध्यक्ष एवं राजलदेसर गौशाला के उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन कुछ अधिकारी अपने व्यवहार और कार्यशैली से लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ गौसेवा, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित के कार्यों में भी सदैव सक्रिय भूमिका निभाई। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर युवा भारती स्टेडियम में आयोजित सामूहिक कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया, जो आने वाले समय में भी प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। एडवोकेट रोहित मारू ने कहा कि हरदीप सिंह के कार्यकाल में जनगणना, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची सत्यापन सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ। सीमित समय में भी उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर प्रशासनिक कार्यों में नई कार्यसंस्कृति स्थापित की। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हरदीप सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। हरदीप सिंह ने भी अपने संबोधन में राजलदेसर के नागरिकों, सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां मिला सहयोग और आत्मीयता जीवनभर स्मरणीय रहेगी। श्री राजलदेसर गौशाला के द्वारा भी तहसीलदार हरदीप सिंह का दुपट्टा पहनाकर व गौ माता का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया । इस मौके पर हुकमाराम ,सुरेंद्र ,रामदेव , गोपाल ,विनोद भार्गव , ज्योति , एडवोकेट श्रवण मोडासरा , परमानंद , शीशराम कस्वा , नरेंद्र सिंह राठौड़ हड़मान सोनी , रतनलाल बारुपाल सहित अनेकों व्यक्ति मौजूद रहे ।