राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया

अबूबकर बल्खी

लाडनूं (नवयत्न) । श्री बापूजी ग्रुप ऑफ एजुकेशन संस्थान में बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात आयुर्वेद, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग संकाय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, प्रेरक भाषण तथा ओजपूर्ण कविताओं की प्रस्तुतियां देकर सभी में राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत किया। इस अवसर पर संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. ईशा गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। संस्थान के निदेशक डॉ. ओमप्रकाश गुर्जर ने कहा कि 22 जुलाई का दिन हमें उन महान विभूतियों के योगदान की याद दिलाता है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय ध्वज को हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक बनाया। प्राचार्य डॉ. गौतम उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You might also like