हाईवे पर मिला युवक का खून से लथपथ शव

निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार देर रात एक अर्धनग्न युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक के टूटे हुए पार्ट्स भी बरामद हुए हैं। ऐसे में पुलिस हत्या और हिट एंड रन, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि गुरूवार—शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब दो बजे सूचना मिली कि दौलतपुरा स्थित अप्पू घर के पास हाईवे और सर्विस लेन के बीच एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के शरीर पर केवल अंडरगारमेंट था। उसके कंधे और कमर का मांस बुरी तरह फटा हुआ था तथा वह खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ दूरी पर बाइक के टूटे हुए पार्ट्स भी मिले। गंभीर हालत में युवक को तत्काल कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसके सीने और हाथ पर टैटू बने हुए हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक किसी अच्छे परिवार का प्रतीत होता है।
पुलिस का मानना है कि युवक के कपड़े गायब होना और घटनास्थल पर बाइक के टूटे हुए पार्ट्स मिलना कई सवाल खड़े करता है। आशंका है कि किसी वाहन से टक्कर मारने के बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया हो। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है और हत्या व हिट एंड रन, दोनों पहलुओं से गहन जांच में जुटी है।

You might also like