नाबालिगा की अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर किया ब्लैकमेल
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । रतनगढ़ में नाबालिगा की अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर एक युवक द्वारा ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने नाबालिगा से तीन लाख रुपए नकदी व लाखों के स्वर्ण आभूषण ले लिए तथा उसका देहशोषण भी किया। इस आशय का मुकदमा 48 वर्षीय महिला ने पुलिस में दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा दी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि पड़िहारा निवासी 22 वर्षीय आनंद ने बहला-फुसलाकर उसकी नाबालिग बेटी की अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। उसके बाद आरोपी के दबाब में उसकी बेटी ने घर के सारे स्वर्ण आभूषण उसे दे दिए। करीब एक माह पूर्व आरोपी उसके घर आया तथा पूरी रात उसकी बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाए और एक लाख रुपए की डिमांड की। उसे नाबालिगा ने 50 हजार रुपए दिए। उसके बाद आरोपी फिर से रुपए देने का दबाब बनाने लगा। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि मकर संक्रांति से लगातार आरोपी उसकी बेटी को ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठ रहा है। आरोपी ने अब तक 40 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण एवं तीन लाख रुपए नकदी ले लिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सीआई संदीप कुमार कर रहे हैं।