बरसों पुरानी पानी की राईजिंग लाइन को बंद करने से बढ़ी परेशानी

अबूबकर बल्खी
लाडनूं  (नवयत्न) ।  जसवंतगढ़ की बरसों पुरानी पानी की राइजिंग लाइन को बंद कर आसोटा पदमपुरा ग्राम में खोल देने से पूरे क्षेत्र में जल संकट गहरा गया है। राइजिंग लाइन शिफ्ट होने के बाद से जसवंतगढ़ में सड़क किनारे बसे अनेक घरों और संस्थाओं में पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जसवंतगढ़ में तो पहले ही समस्या थी, अब इस समस्या को लेकर कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौखिक और में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी कोई निराकरण नहीं हुआ। जसवंतगढ़ कस्बे को वर्षों से सड़क किनारे घरों व संस्थानों में इस एक ही राइजिंग लाइन से पानी मिल रहा था। विभाग ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए इस लाइन को बंद कर आसोटा पदमपुरा ग्राम से जोड़ दिया। इसके बाद से जसवंतगढ़ के वार्ड 3, 5 और मुख्य बाजार क्षेत्र में नलों से पानी आना बंद हो गया। स्कूल, और बस स्टैंड के पास दुकानों में भी पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें टैंकर से पानी मंगवाना पड़ रहा है जिससे लोगों पर बेवजह का आर्थिक बोझ बढ़ गया है। ग्रामवासियों का आरोप है कि अधिकारियों को बताने देने के बावजूद विभाग ने अभी तक मौके का निरीक्षण तक नहीं किया। न ही कोई समाधान दिया गया।

You might also like