सिंधीकैम्प बस स्टैंड क्षेत्र के होटलों पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक
निसं
जयपुर (नवयत्न)। सिंधीकैम्प बस स्टैंड और स्टेशन रोड क्षेत्र में संचालित होटलों में अवैध गतिविधियों की शिकायतों पर रविवार को सिंधीकैम्प थाना पुलिस और निर्भया स्क्वाड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई होटलों पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो होटल संचालकों समेत तीन लोगों को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब संबंधित होटलों के मूल मालिकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ होटल संचालक नियमों की अनदेखी कर महिलाओं एवं संदिग्ध लोगों को अवैध गतिविधियों के लिए कमरे उपलब्ध करा रहे हैं। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के सुपरविजन में सिंधीकैम्प थाना प्रभारी वंदना नरूला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल तिरुपति पैलेस और होटल वेलकम गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती मिलीं। पुलिस ने मौके से वेलकम गेस्ट हाउस के संचालक कालूराम मीणा (20) निवासी पावटा (कोटपूतली-बहरोड़), होटल तिरुपति पैलेस के संचालक हेमंत जाट (27) निवासी खानपुर (झुंझुनूं) तथा पवन सिंह माली (32) निवासी बीजावाली ढाणी, श्रीमाधोपुर (सीकर) को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की।
थाना प्रभारी वंदना नरूला ने बताया कि जिन होटल मालिकों ने अपनी संपत्तियां संचालकों को सौंप रखी हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही या अवैध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एएसआई प्रहलाद सिंह, हेड कांस्टेबल गणेशलाल, कांस्टेबल सतवीर, श्रवण कुमार, रविंद्र कुमार, प्रोबेशनर महिला कांस्टेबल किरण तथा निर्भया स्क्वाड की महिला कांस्टेबल सुमन और मुकेश की विशेष भूमिका रही।