धोबी घाट स्थित पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, लाखों लीटर पानी हो रहा बर्बाद
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी कस्बे के धोबी घाट क्षेत्र में स्टेट हाईवे संख्या-13 के किनारे गुजर रही मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से प्रतिदिन लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। पाइपलाइन टूटने से सड़क पर पानी फैल जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी हो चुकी पाइपलाइन अधिक दबाव के कारण बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए जलदाय विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बार पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है। इससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने पर कई परिवारों को निजी टैंकरों से पानी मंगवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन में बार-बार रिसाव होने की शिकायत विभागीय अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल अस्थायी मरम्मत कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। कुछ ही दिनों बाद पाइपलाइन फिर से फट जाती है और लाखों लीटर पेयजल सड़क पर बह जाता है। इससे एक ओर पेयजल की बर्बादी हो रही है तो दूसरी ओर आमजन को जल संकट झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि पुरानी और जर्जर पाइपलाइन को बदलकर नई लाइन बिछाई जाए, ताकि बार-बार होने वाली समस्या से स्थायी राहत मिल सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में जल संकट और अधिक गहरा सकता है। लोगों ने विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।