अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए तनवी दाधीच का चयन

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि स्टार स्पोर्ट्स अकादमी, तारानगर की प्रतिभाशाली वुशू खिलाड़ी तनवी दाधीच पुत्री सुशील दाधीच का चयन बटुमी (जॉर्जिया) में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल तारानगर और चूरू जिले, बल्कि संपूर्ण राजस्थान के लिए सम्मान का विषय है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होना तन्वी के वर्षों के कठोर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। यह प्रतियोगिता अगस्त माह में प्रस्तावित है।
तनवी दाधीच इससे पूर्व भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रूस के मॉस्को में आयोजित वुशु प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर चुकी हैं। अब एक बार पुनः उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह का वातावरण है।
इस अवसर पर चूरू वुशु एसोसिएशन के महासचिव एवं स्टार स्पोर्ट्स अकादमी, तारानगर के मुख्य कोच चिंकित शर्मा ने तनवी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह चयन उनकी निरंतर साधना, अनुशासित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तन्वी जॉर्जिया में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक अर्जित करेंगी तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाएँगी। तन्वी की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You might also like