स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के मेहाड़ा की देवनारायण राजकीय बालिका आवासीय स्कूल में पुलिस की ओर से जागरूक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को साईबर अपराध, महिला सुरक्षा एंव नवीन कानूनों के बारे मे दी गई जानकारी। कार्यक्रम में थानाधिकारी रामनारायण चोयल एवं उनकी टीम द्वारा स्कूल की छात्राओं एवं स्टाफ को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान कर उन्हें कानूनों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साईबर क्राईम के बारे में जानकारी देते हुये बताया गया कि साइबर क्राइम एक ऐसा गैरकानूनी काम है जो कंप्यूटर, मोबाइल और इंटरनेट की मदद से किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से फर्जी मैसेज भेजना, सिस्टम चुराना या ब्लॉक करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी शामिल हैं। साईबर क्राईम से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहना चाहिए। विधार्थियों को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या असहज महसूस कराता है, तो इसकी जानकारी बिना किसी भय या संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को तुरंत दें। साथ ही बच्चों को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया गया कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराध गंभीर एवं दंडनीय अपराध हैं तथा ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाती है। कार्यक्रम में राजकॉप सिटीजन एप के उपयोग एवं उसकी विभिन्न सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, महिला गरिमा हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपातकालीन हेल्पलाइन तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। थानाधिकारी ने कहा कि अपने आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां या कोई अपराधी दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देकर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करना चाहिए। इस दौरान विद्यालय मे पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बेहतर बनाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर स्कूल प्राचार्य विधा रोहिश्व, संदीप कुमार, प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, विजयपाल, सज्जन कुमार, अनिल कुमार, विजेश कुमार, नेहा, संतोष, सविता सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like