मखनदास महाराज आश्रम में गुरु वंदना समारोह आयोजित
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी के ऐतिहासिक पन्ना शाह तालाब स्थित मखनदास महाराज आश्रम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गुरु वंदना कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर गुरु परंपरा का सम्मान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर रहे। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री का वंदन पत्र आश्रम के संत महात्माओं को भेंट करते हुए गुरु परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। विधायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु के मार्गदर्शन से ही समाज में ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने सभी से गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने और समाज में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपखंड स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विधायक धर्मपाल गुर्जर सहित उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने आश्रम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान संतों का सम्मान किया गया तथा गुरु महिमा पर आधारित प्रवचन और भजन प्रस्तुत किए गए, जिनसे पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार चौहान, ज्योति भारद्वाज, जिला महामंत्री निखिल शर्मा, डॉ सोमदत्त भगत, थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, प्रदीप सुरोलिया, नगेन्द्र सोढा, पवन कुमार भार्गव, विजेन्द्र सैनी, कैलाश चंद, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, रजत कुमार, अभिषेक कुमार, सुनील सैनी, बिमला, संतोष, संतरा देवी, निर्मला देवी सहित अनेक लोग मौजूद थे।